एमआईसी इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने सिंगापुर स्थित टॉप2 प्राइवेट लिमिटेड के साथ एमओयू किया
नई दिल्ली। एमआईसी इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड जो एलइडी वीडियो डिस्प्ले के डिजाइन, विकास और विनिर्माण में वैश्विक अग्रणी है, ने घोषणा की है कि उसने सिंगापुर आधारित टॉप2 प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस सहयोग का उद्देश्य ताइवान से एक सेमीकंडक्टर पार्टनर की पहचान और अंतिम चयन करना है।
इस समझौते के तहत “एमआईसी” कंपनी “टॉप2” के साथ मिलकर ताइवान में सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन पार्टनर खोजने और सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेगी। इसका लक्ष्य मासिक 25,000 से 30,000 वेफर्स के उत्पादन की शुरुआत करना है, जो व्यवहार्यता, वार्ता और नियामकीय मंजूरी पर आधारित होगा।
इससे पूर्व, कंपनी के निदेशक मंडल ने सिंगापुर स्थित उच्च-विकास और नवाचार-आधारित कंपनी नियो सेमी एसजी प्राइवेट लिमिटेड (एनएसपीएल) में इक्विटी हिस्सेदारी अधिग्रहण की खोज हेतु सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की थी। यह रणनीतिक कदम कंपनी के लिए नेक्स्ट-जेनरेशन तकनीकों और संबंधित क्षेत्रों में प्रवेश को दर्शाता है।
एनएसपीएल ने सिलिकॉन वैली (अमेरिका) स्थित एक सेमीकंडक्टर चिप डिजाइन और फैबलैस कंपनी के साथ समझौते के माध्यम से एक अद्वितीय और भविष्य उन्मुख इकोसिस्टम बनाया है। यह कंपनी उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आईओटी अनुप्रयोगों के लिए अत्याधुनिक सिलिकॉन समाधान विकसित कर रही है। इसके अतिरिक्त, एनएसपीएल ऊर्जा प्रबंधन क्षेत्र में भी सक्रिय है और आईओटी -आधारित समाधान प्रदान करती है, जिनका फोकस जलवायु लचीलापन, ऊर्जा दक्षता और स्मार्ट ग्रिड आधुनिकीकरण पर है।
कंपनी द्वारा प्रस्तावित यह अधिग्रहण, एमआईसी इलेक्ट्रॉनिक्स की दीर्घकालिक रणनीति के अनुरूप है, जिसके तहत वह उच्च-तकनीकी क्षेत्रों में विविधीकरण करना चाहती है और सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल सेवा संरचना जैसे भविष्य के लिए महत्वपूर्ण वर्टिकल्स में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना चाहती है। इस अधिग्रहण से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में मूल्य सृजन के अनेक अवसर सामने आने की संभावना है।
एमआईसी इलेक्ट्रॉनिक्स और एनएसपीएल के बीच हस्ताक्षरित यह समझौता ज्ञापन प्रारंभिक और गैर-बाध्यकारी है। इसमें किसी भी पक्ष पर कानूनी या वित्तीय दायित्व नहीं हैं। अधिग्रहण केवल सफल ड्यू-डिलिजेंस और आपसी सहमति से तैयार हुए अंतिम वाणिज्यिक समझौतों पर आगे बढ़ेगा।
1988 से स्थापित एमआईसी इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड , LED वीडियो डिस्प्ले, उच्च स्तरीय इलेक्ट्रॉनिक और दूरसंचार उपकरण, तथा टेलीकॉम सॉफ्टवेयर विकास के क्षेत्र में अग्रणी रही है। यह ISO 9001:2008 और ISO 14001:2004 प्रमाणित कंपनी है, जिसकी महत्वपूर्ण उपस्थिति LED वीडियो, ग्राफिक्स और टेक्स्ट डिस्प्ले, LED लाइटिंग सॉल्यूशंस, एम्बेडेड सिस्टम्स, टेलीकॉम सॉफ्टवेयर और अन्य संचार व इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों में है।
कंपनी के प्रमुख उत्पाद जैसे LED वीडियो डिस्प्ले (इनडोर, आउटडोर और मोबाइल) आज खेल स्टेडियमों, परिवहन केंद्रों, डिजिटल थिएटरों, थीम पार्कों, विज्ञापनों और सार्वजनिक सूचना डिस्प्ले का अहम हिस्सा बन चुके हैं। हैदराबाद (भारत का अग्रणी आईटी शहर) में मुख्यालय वाली MIC की पूरे देश में विपणन, बिक्री और सेवा समर्थन केंद्रों की विस्तृत उपस्थिति है। कंपनी वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपने परिचालन का विस्तार कर रही है।
LED डिस्प्ले, टेलीकॉम सॉफ्टवेयर, आईटी सेवाओं और संचार उत्पादों के क्षेत्र में व्यापक उत्पाद और सेवाएं विकसित करने वाली MIC अनेक उपलब्धियों की धनी है। उल्लेखनीय है कि MIC, स्वदेशी रूप से निर्मित डिजिटल लूप कैरियर नामक दूरसंचार उपकरण के लिए TEC अनुमोदन प्राप्त करने वाली पहली कंपनी है। 1994 से निर्यात बाजार में और 2005 से ऑनशोर सॉफ्टवेयर विकास अनुबंधों के साथ, कंपनी की उपलब्धियां उसके गहन बाजार अनुभव, विशेषज्ञता और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

