एवीएस न्यूज.मुंबई
एमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर ने आज अपनी आगामी ओरिजिनल सीरीज़ अमर विश्वास  का ट्रेलर जारी किया। यह एक दमदार कोर्टरूम ड्रामा है, जो सत्ता, अपराध और न्याय के जटिल टकराव को गहराई से उजागर करता है। राजीव खंडेलवाल इस सीरीज में शीर्षक भूमिका में नजर आएंगे, उनके साथ रवि बहल, आमिर अली और बरखा बिष्ट भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह सीरीज एक हाई-स्टेक्स कोर्टरूम लड़ाई की कहानी है जहां सच मिलना मुश्किल है और न्याय की कीमत बहुत ज्यादा है।

ट्रेलर की शुरुआत एक प्रभावशाली फिल्म निर्माता जेस्सू मोमिन की बेरहमी से हुई हत्या से होती है, जिसे मीडिया जल्द ही ‘सीधा-सादा मामला’ केस करार कर देती है। शक की सुई तुरंत बहार चक्रवर्ती पर टिक जाती है, एक युवा महिला जिसे जनता की अदालत पहले ही दोषी ठहरा चुकी होती है। इस मामले में अमर विश्वास नाम का एक अलग सोच वाला और बहुत तेज वकील आता है, जो यह भली-भांति जानते हैं कि सिर्फ तथ्य ही हमेशा पूरी सच्चाई सामने नहीं लाते। जब अमर बहार का केस अपने हाथ में लेते हैं, तो उनके सामने शोषण, साजिश और वर्षों से दबे हुए रहस्यों की परतें खुलने लगती हैं। जिससे एक ऐसी साजिश का पता चलता है, जो पहली नजर में दिखाई देने वाली कहानी से कहीं ज़्यादा खतरनाक है।
प्रसिद्ध लेखक सुहास शिरवलकर के चर्चित उपन्यासों पर आधारित अमर विश्वास को अर्जुन सिंह बरन और कार्तिक डी निशानदार ने जीएसईएएमएस के बैनर तले बनाया और प्रोड्यूस किया है। यह वही टीम है, जिसने सराही गई सीरीज़ समांतर बनाई थी।

अमर विश्वास में कोर्टरूम ड्रामा की तीव्रता और जांच-पड़ताल वाले अपराध की सख़्ती का बेहतरीन मेल देखने को मिलता है। जैसे-जैसे केस आगे बढ़ता है, अमर को ज़बरदस्त क़ानूनी दिमाग़ों का सामना करना पड़ता है, जिसमें उनका अपना पूर्व मेंटर भी शामिल है। साथ ही, मकसद, साधन और मौके की शातिर तिकड़ी को साबित करने के लिए समय के साथ मुकाबला करता है। हर बहस, जिरह और नए खुलासे के साथ यह सीरीज एक बेचैन करने वाला सवाल खड़ा करती है: क्या सच्चाई आखिरकार इंसाफ तक पहुंचेगी?
एमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर के डायरेक्टर और हेड ऑफ़ कंटेंट अमोघ दुसाद ने कहाकि अमर विश्वास प्रसिद्ध मराठी लेखक सुहास शिरवलकर के काम से प्रेरित है। वे मराठी साहित्य की एक बड़ी हस्ती रहे हैं, जिनकी लेखनी ने भारतीय कहानी कहने की परंपरा को कई पीढिय़ों तक प्रभावित किया है।

एमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर में हम ऐसे ही महान साहित्यकारों से प्रेरणा लेकर ऐसी कहानियां पेश करते हैं, जो भारतीय संस्कृति और भावनाओं से गहराई से जुड़ी हों। इन मशहूर रचनाओं को आज के दर्शकों के लिए नए अंदाज में पेश करके, हमारा उद्देश्य कहानी और भावना-दोनों में सच्चे मायनों में भारतीय बने रहना है। दमदार कोर्टरूम ड्रामा और मजबूत भावनात्मक पहलू वाली यह सीरीज हमारी बड़ी कंटेंट सोच को दर्शाती है, ताकि ऐसी कहानियाँ बनाई जा सकें जो लोगों को अपने करीब लगें और देशभर के दर्शकों से गहराई से जुड़ें।