टिस्का चोपड़ा के डायरेक्शन में बनी पहली फिल्म, साली मोहब्बत में नजर आएंगे : दिव्येंदु शर्मा
एवीएस न्यूज .मुंबई
कई फिल्म फेस्टिवल्स में शानदार प्रदर्शन के बाद जी5 की ऑरिजिनल फिल्म साली मोहब्बत इस साल के अंत में सिर्फ जी5 पर रिलीज के लिए तैयार है। टिस्का चोपड़ा के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है, जिसमें राधिका आप्टे, दिव्येंदु शर्मा, अनुराग कश्यप, अंशुमान पुष्कर, सौरसेनी मैत्रा और शरत सक्सेना ने मुख्य किरदार निभाए हैं। जियो स्टूडियोज और मनीष मल्होत्रा के स्टेज5 प्रोडक्शन द्वारा प्रोड्यूस की गई ये थ्रिलर-ड्रामा बेहद मशहूर डिजाइनर की पहली डिजिटल फिल्म है, जो विज़ुअल्स की उनकी बारीकियों और जज्बातों से भरी एक शानदार कहानी का बेहद खूबसूरत मेल है। जियो स्टूडियोज और जी5 चौथी बार साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ने आर.माधवन की हिसाब बराबर, सान्या मल्होत्रा की मिसे और हाल ही में अरशद वारसी और जितेंद्र कुमार की भागवत जैसी सफल फिल्में दी हैं। राधिका आप्टे भी इस फिल्म के जरिये इस प्लेटफ़ॉर्म पर वापसी कर रही हैं, जिन्होंने मिसेज अंडरकवर में अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीता था।
पिछले साल आईएफएफआई और इस साल शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित होने वाली फिल्म, साली मोहब्बत दर्शकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाती है जहाँ प्यार जुनून में बदल जाता है और छिपे हुए राज़ धीरे-धीरे सामने आते हैं। इस फिल्म की कहानी एक छोटे शहर की हाउसवाइफ, स्मिता (राधिका आप्टे) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी सीधी-सादी दिखने वाली ज़िंदगी बेवफाई, धोखे और सही-गलत के बीच की दुविधा में फंस जाती है। रोजमर्रा के घरेलू कामकाज से शुरू होने वाली इस कहानी में धोखे, बदले की भावना और सच तथा झूठ के बीच के बेहद नाजुक, पर फरेब से भरे फासले को बड़े दिलचस्प तरीके से दिखाया गया है।
प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे, प्रेसिडेंट जियो स्टूडियोज ने कहाकि जियो स्टूडियोज में हमने लगातार साहसी बातें कहने वाली बेहद दमदार कहानियों को सामने लाने की कोशिश की है, जो सामान्य जॉनर से हटकर हो। ‘साली मोहब्बत’ उसी सोच का एक बेहतरीन उदाहरण है। हमें गर्व है कि बेहद समझदारी से तैयार की गई इस थ्रिलर के जरिए हमें प्रोड्यूसर मनीष मल्होत्रा के साथ काम करने का मौका मिला, जिन्होंने फैशन से फिल्म तक अपनी क्रिएटिविटी की चमक बिखेरी है।

