जादू, उम्मीद और रोमांच से भरपूर कहानी लेकर 21 अगस्त को ज़ी5 के किड्ज़ पर होगा द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो का प्रीमियर
एवीएस न्यूज. मुंबई
ऐसे समय में जब दुनिया अक्सर उलझन भरी लग सकती है, किड्ज़ दर्शकों के लिए एक ऐसी कहानी लेकर आ रहा है, जो उम्मीद, कल्पना और मानवीय जुड़ाव की ताकत की याद दिलाती है। 21 अगस्त से विशेष रूप से ज़ी5 पर किड्ज़ पर प्रीमियर होने वाली द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो एक दिल छू लेने वाली पारिवारिक मनोरंजक फिल्म है, जो बचपन की मासूमियत और जादू, दादा-दादी और पोते-पोतियों के अनमोल रिश्ते और नामुमकिन चीज़ों पर यकीन करने के ज़बरदस्त असर का जश्न मनाती है। फिल्म में जैकी श्रॉफ, प्रतीक बब्बर, भाग्यश्री, शरत सक्सेना, मिहिर गोडबोले और अन्य प्रतिभाशाली कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
मनीष सैनी द्वारा निर्देशित और जैकी श्रॉफ के बेहद प्यारे और दिल छू लेने वाले अभिनय से सजी यह फिल्म एक ऐसे हीरो की कहानी है, जो सबसे अलग है। कुछ सुपरहीरो केप पहनते हैं, कुछ के पास अद्भुत शक्तियां होती हैं। और फिर कुछ ऐसे होते हैं, जिनकी सबसे बड़ी ताकत दूसरों को बड़े सपने देखने और रोजमर्रा की जिंदगी में जादू देखने के लिए प्रेरित करना होती है। हास्य, फैंटेसी, रोमांच और दिल छू लेने वाले जज़्बातों से भरपूर द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो हर उम्र के दर्शकों के लिए एक मनोरंजक और खुशियों से भरा अनुभव देने का वादा करती है।
दीपू एक होशियार बच्चा है, जिसे अपने पिता की नौकरी के तबादले के कारण हर बार परिवार के नए शहर में जाने पर नए दोस्त बनाना मुश्किल लगता है। नए स्कूल में घुलने-मिलने की उम्मीद में वह अपने सहपाठियों से एक अनोखा राज़ साझा करता है,उसके दादाजी असल में एक सुपरहीरो हैं, जिनकी असली पहचान सिर्फ बच्चे ही जान सकते हैं।
एक मासूम सी कहानी जल्द ही पूरी कक्षा की कल्पना को अपनी ओर खींच लेती है। बच्चों की उत्सुकता बढ़ती जाती है और वे सुपरहीरो को अपने सामने कुछ कमाल करते देखने का बेसब्री से इंतजार करने लगते हैं। ऐसे में दीपू के दादाजी भी इस खेल का हिस्सा बन जाते हैं और बच्चों को एक ऐसी यादगार रोमांचक यात्रा पर ले जाते हैं, जहां कल्पना और हकीकत के बीच का फर्क मिटने लगता है। हंसी, हैरानी और दिल छू लेने वाले पलों से भरपूर द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो याद दिलाती है कि कभी-कभी सबसे बड़ी सुपरपावर किसी को विश्वास करने की ताकत देना होता है।
द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो एक दिल छू लेने वाली पारिवारिक फिल्म है, जो यह खूबसूरती से दिखाती है कि दयालुता, कल्पना और प्यार ही सबसे बड़ी सुपरपावर हैं। जैकी श्रॉफ अपने खास अंदाज में एक गर्मजोशी और आकर्षण से भरा किरदार निभाते नजर आएंगे, जो उम्र बढ़ने के साथ भी बचपन जैसी मासूमियत और उत्साह को बनाए रखने का संदेश देता है। फिल्म बच्चों की कल्पनाओं और कहानियों की दुनिया को भी खूबसूरती से दर्शाती है, जो उन्हें सपने देखने, जुड़ने और अपनेपन का एहसास कराने में मदद करती है। हास्य, रोमांच और भावनाओं से भरपूर यह फिल्म बच्चों के साथ-साथ बड़ों के लिए भी एक मनोरंजक और दिल छू लेने वाला अनुभव होगी। फिल्म की कहानी दादा-दादी के रिश्ते, दोस्ती और उन खूबसूरत यादों का जश्न मनाती है, जो जिंदगीभर हमारे साथ रहती हैं।
चंदन खंडेलवाल, बिज़नेस हेड, किड्ज़ ने कहा: “किड्ज़ में हम दर्शकों के लिए ऐसी कहानियां लाना पसंद करते हैं, जो उनके चेहरे पर मुस्कान लाएं, और द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो ऐसी ही खास फिल्मों में से एक है, जो हमें फिर से जादू पर विश्वास करना सिखाती है। ऐसे समय में, जब हमारे आसपास की कई चीजें हमें बोझिल महसूस करा सकती हैं, यह फिल्म कल्पना, दया और बच्चे की नजर से दुनिया को देखने की सच्ची खुशी का जश्न मनाती है। इस फिल्म को और भी खास बनाता है दादा और पोते के बीच का खूबसूरत रिश्ता, जो इसकी कहानी का मुख्य हिस्सा है। जैकी श्रॉफ का अभिनय गर्मजोशी, हास्य और मानवीय भावनाओं से भरपूर है। हम दर्शकों को ऐसी फिल्म दिखाने के लिए उत्साहित हैं, जो उन्हें एक सुकून भरी झप्पी जैसा एहसास देगी।”
निर्देशक मनीष सैनी ने कहा, “मेरे लिए द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो हमेशा से उस हैरानी और जादू को बनाए रखने की कहानी रही है, चाहे हमारी उम्र कितनी भी बढ़ जाए। हम जो कहानियां सुनते और सुनाते हैं, उनमें उम्मीद जगाने, लोगों को करीब लाने और यह याद दिलाने की खास ताकत होती है कि असंभव शायद उतना असंभव नहीं होता, जितना हम सोचते हैं। यह फिल्म भले ही मस्ती और रोमांच से भरपूर है, लेकिन असल में यह विश्वास की ताकत और दुनिया को नए नजरिए से देखने की खुशी के बारे में है। मैं आभारी हूं कि ज़ी5 के किड्ज़ पर इस कहानी को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचा रहा है और मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान लाएगी और जादू में उनका भरोसा थोड़ा और बढ़ाएगी।"
जैकी श्रॉफ ने कहा, “मुझे द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो की सबसे अच्छी बात यह लगी कि यह याद दिलाती है कि बड़े हो जाने के बाद भी हमें अपनी जिज्ञासा और दयालुता नहीं छोड़नी चाहिए। यही चीजें हमें आगे बढ़ाती रहती हैं। इस फिल्म में मनीष जी और बच्चों के साथ काम करके मुझे बहुत मजा आया। बच्चों के साथ रहना अपने आप में बहुत अच्छा अनुभव है—उनकी मासूमियत, ऊर्जा और दुनिया को देखने का उनका नजरिया हम पर भी असर डालता है। आज की जिंदगी बहुत गंभीर और तेज हो गई है, इसलिए कभी-कभी हमें ऐसी कहानी की जरूरत होती है, जो हमें थोड़ी देर रुककर मुस्कुराने और चीजों को थोड़ी अधिक मासूमियत के साथ देखने का मौका दे। इस फिल्म में ढेर सारी गर्मजोशी, मस्ती और भावनाएं हैं और मुझे ऐसे किरदार को निभाने में बहुत खुशी हुई, जो प्यार और अच्छाई में विश्वास करता है। यह बच्चों के लिए एक खूबसूरत कहानी है, लेकिन मुझे लगता है कि बड़े लोग भी इसे खूब पसंद करेंगे। ज़ी5 पर किड्ज़ के जरिए यह फिल्म और भी ज्यादा दर्शकों तक पहुंचेगी और मुझे उम्मीद है कि ज्यादा से ज्यादा परिवार साथ बैठकर इसका आनंद लेंगे।”
हंसी, कल्पना और परिवार के साथ बिताए यादगार पलों से भरे इस दिल छू लेने वाले रोमांच के लिए तैयार हो जाइए, क्योंकि द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो का प्रीमियर 21 अगस्त 2026 को सिर्फ किड्ज़ on ज़ी5 पर किया जाएगा।


