कृषि आदान विक्रेता संघ का प्रतिनिधिमंडल संचालक कृषि और प्रमुख सचिव कृषि से की भेंट
.भोपाल। मध्यप्रदेश कृषि आदान विक्रेता संघ के प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह राजपूत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी में संचालक कृषि अजय गुप्ता एवं प्रमुख सचिव कृषि निशांत बरवडे से मुलाकात की और प्रदेश संगठन के व्यापारियों को अपने व्यापार में आए दिन होने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। सौपें गए ज्ञापन में प्रमुख रूप खाद बीज एवं कीटनाशक के सेम्पल फेल होने पर निर्माता कंपनी पर कार्रवाई करने, प्रतिवर्ष अथॉरिटी लेटर जोड़ने की बाध्यता को समाप्त किया जाना, उर्वरक प्रदायक कंपनियो द्वारा की जा रही जबरन टैगिंग को बंद किया जाना , गलत उर्वरक वितरण नीति को बदलने, व्यापारियों के गोदाम में रखे हुए बायोस्टूमलेन्ट के स्टाक की बिक्री को अनुमति देने, एक्सपायर नैनो यूरिया एवं डीएपी को संबंधित कंपनी द्वारा वापस लेकर नया उत्पाद देने, कृषि उपज मंडी एक्ट में संशोधन करके मंडी में ही समस्त उत्पादों की बिक्री का प्रावधान करने और कई जिलों में प्रिंसिपल सर्टिफिकेट जोड़ने का नाम पर 7500 की अवैध वसूली को रोकने की मांग की।
जिस पर प्रमुख सचिव कृषि ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही सभी जिलों के उपसंचालकों के नाम पत्र जारी किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन ने पक्ष रखते हुए अनुरोध किया कि उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए । प्रतिनिधिमंडल में मानसिंह राजपूत के साथ प्रदेश सचिव संजय रघुवंशी, विजय जैन बाबई होशंगाबाद , हेमंत परसाई होशंगाबाद प्रणीत समैया सिलवानी आदि मौजूद रहे।

