विजिबल क्लीनलीनेस पर फोकस, रियल टाइम फोटो, वीडियो सर्वर में किए अपलोड
निगम आयुक्त सहित सभी अधिकारियों ने हर एक ज़ोन में मुख्यालय से रखी नजर
वार्ड 7, 11,12, 13, 15, 16, 42 में फील्ड में व्यवस्थाएं परखीं, कई बार लोकेशन में हुआ बदलाव 
सभी जोन के एएचओ अलर्ट मोड पर रहे, सुबह 5 बजे से ही निगम का अमला फील्ड पर रहा मौजूद 

 


एमएम सिद्दीकी, भोपाल।
शहर में गुरुवार से स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत सर्वेक्षण शुरू हो गया। सर्वेक्षण टीम ने शहर के कई इलाकों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और विजिबल क्लीनलीनेस की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग स्थानों पर रियल टाइम फोटो और वीडियो लेकर सीधे सर्वर पर अपलोड किए। सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम का अमला सुबह से ही अलर्ट मोड पर रहा। सर्वेक्षण के पहले दिन अधिकांश इलाके पुराने शहर के रहे, जहां टीम पहुंची।
निगम आयुक्त सहित मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे दिन सभी जोन की गतिविधियों पर नजर रखी। हर जोन से लगातार अपडेट लिए गए और फील्ड में मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाते रहे। कई स्थानों पर सर्वेक्षण टीम ने अचानक लोकेशन बदलकर निरीक्षण किया, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार सतर्क रहना पड़ा।


इन वार्डों में पहुंची टीमें
वार्ड 7, 11, 12, 13, 15, 16 और 42 में टीम ने सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, सड़क पर सफाई, सार्वजनिक शौचालय, कचरा ट्रांसफर प्वाइंट और नागरिक सुविधाओं को जांचा। वार्ड 7 के जीवीपी प्वाइंट, सुलभ शौचालय, मेन रोड पर सफाई व्यवस्था परखी। टीम ने यह भी देखा कि शहर में साफ-सफाई केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर कितनी दिखाई दे रही है। विशेष रूप से विजिबल क्लीनलीनेस यानी सार्वजनिक स्थानों पर नजर आने वाली सफाई पर फोकस रखा गया।

 

सुबह 5 बजे से ही फील्ड में सक्रिय रहे निगम के कर्मचारी
नगर निगम के सभी जोन के एएचओ और स्वास्थ्य विभाग का अमला सुबह 5 बजे से ही फील्ड में सक्रिय रहा। प्रमुख सड़कों, बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया। कई क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई कर्मचारी और वाहन भी लगाए गए।

कभी भी, कहीं भी पहुंच सकती है टीम, इसलिए मॉनिटरिंग
सर्वेक्षण के दौरान टीम किसी भी समय किसी भी क्षेत्र का निरीक्षण कर सकती है। इसी वजह से पूरे शहर में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। 

जिन क्षेत्रों में निगम आयुक्त ने किए निरीक्षण, वहीं पहले दिन पहुंची टीम
पिछले दिनों नगर निगम आयुक्त ने जिन क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किए उन्हीं क्षेत्रों में स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए टीमें पहले ही दिन पहुंची। आरिफ नगर गार्बेज स्टेशन, यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से लगे इलाके, निशातपुरा टीम पहुंची। इसके अलावा लालघाटी, ईदगाह हिल्स, शाहजहांनाबाद, नारियलखेडा, निशातपुरा, बैरसिया रोड, छोला रोड, जिंसी-जहांगीराबाद क्षेत्र में फील्ड में टीम घूमी।