मारधाड़ के एक सीन के लिए हीरो पृथ्वीराज शेट‍्टी, हीरोइन खुशबू चोपड़ा समेत रातभर जागी पूरी टीम

शिवनारायण सोनी, भोपाल।

राजधानी में इन दिनों एक तेलगू फिल्म की शूटिंग की जा रही है। बुधवार-गुरुवार की रात एमपी नगर स्थित मानसरोवर काॅप्लेक्स के सामने फिल्म ऋषि एंड जॉय का सेटअप लगा नजर आया। दो वैनिटी वैन के साथ काफी गाडि़यां और करीब 70 लोगों की टीम के साथ पूरा सेटअप देख लोगों की भीड़ फिल्म की शूटिंग देखने के लिए उमड़ पड़ी। रात करीब 12 बजे जब फिल्म का एक सीन फिल्माया गया तो वहां मौजूद देखने वालों के चेहरे पर उत्साह नजर आ रहा था। फिल्म का प्लॉट एक लव स्टोरी का है, जो एक ऐसे कपल का है जो तमाम कठिनाइयों के बावजूद एक दूसरे का साथ पाने में सफल होते हैं।  पारिवारिक दृश्यों से भरपूर इस फिल्म का दृश्य जो मानसरोवर कॉम्पलेक्स के सामने फिल्माया गया, उसमें कुछ गुंडे एक लड़की यानि फिल्म की हीरोइन खुशबू चोपड़ा को छेड़ रहे हैं और फिल्म का हीरो यानि पृथ्वीराज शेट‍्टी उसे बचाते हैं। यानि फुल मारधाड़ करके।  इस सीन को शूट करने में टीम पूरी रात जागी और मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के सामने चहल-पहल बनी रही।

 

भोपाल में 45 दिन की शूटिंग....


फिल्म के लाइन प्रोड‍्यसर अजय कबीर ने हरिभूमि को  बताया कि यह एक तेलगू फिल्म है। फिल्म की डायरेक्टर और राइटर जेनिफर एलफेंजो उर्फ जेनी हैं और हीरो पृथ्वीराज शेट‍्टी, वहीं फिल्म की हीराेइन खुशबू चाेपड़ा हैं तो अन्य किरदारों में संजय स्वरूप, इशिता त्रिवेदी भी अहम रोल में नजर आने वाले हैं। उन्होंने बताया कि भोपाल में 45 दिन की शूटिंग है, जो  राजधानी के कई क्षेत्रों में शूट की जा रही है। उन्होंने बताया, बीते रोज कैरवा डैम रोड पर कुछ सीन शूट किए थे और आज यहां पहुंचे हैं और कल अटल पथ पर शूटिंग करंेगे।

 

एमपीटी और सरकार का फुल सपोर्ट


अजय ने बताया मैंने करीब 150 फिल्मों में बतौर लाइन प्रोड‍्यूसर काम कर चुका हूंं। उन्होंने कहा फिल्म कंपनियों को मप्र सरकार और एमपी टूरिज्म पूरी तरह सपोर्ट करता है और यही वजह है कि आज न केवल बॉलीवुड बल्िक टॉलीवुड भी मप्र की ओर आकर्षित हैं। उन्होंने बताया कि भोपाल में करीब 300 फिल्म तो रिकॉर्ड में हैं जाे यहां बन चुकी हैं और पर्दे पर प्रदर्शित भी हो चुकी हैं। वहीं 700 फिल्मों की शूटिंग अनरिकॉर्ड हैं, जो अभी डब्बों में बंद पड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया  मप्र में फिल्म बनाने पर न केवल पूरी सुविधा मिलती है बल्िक यहां काफी सब्सिडी भी मिलती है, इसलिए फिल्म इंडस्ट्रीज के लोग भोपाल में ज्यादा शूटिंग करते हैं।   

 

डायरेक्टर्स कट....


इस फिल्म की डायरेक्टर जेनिफर एलफेंजो उर्फ जेनी ने बताया कि मैं इस फिल्म की राइटर और डायरेक्टर हूं। मुझे भोपाल में आकर काम करने में काफी आनंद आ रहा है। यहां के प्लेस और सरकार के साथ स्थानीय प्रशासन का हमें काफी सपोर्ट मिला है। हमें यहां फिल्म की शूटिंग में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई है। भोपाल में बहुत ही सुंदर प्लेस हैं, जहां फिल्म की शूटिंग करना एक अच्छा अनुभव होने के साथ ही आसान भी है।