एवीएस न्यूज ..भोपाल  
सेवा भारती भोपाल महानगर द्वारा सुभाष मंडल के विकास नगर स्थित सेवा विद्या मंदिर परिसर में हल्दी-कुमकुम एवं गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पण कर किया गया। मुख्य अतिथि सेवा निवृत्त अनुविभागीय अधिकारी सूरज सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रदेश में मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में सेवा भारती द्वारा बस्तियों में आयोजित होने वाले गोद भराई जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के प्रयास निरंतर चलते रहते हैं, किंतु सामाजिक सहभागिता से इनके सकारात्मक परिणाम और सशक्त होते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. रामअवतार यादव ने टीकाकरण, एएनसी जांच, पोषण आहार एवं संस्थागत प्रसव की महत्ता पर प्रकाश डाला। सेवा भारती महानगर मीडिया प्रभारी भगवान दास ढालिया ने बताया इस अवसर पर 15 गर्भवती महिलाओं को भेंट स्वरूप श्रृंगार सामग्री, कुमकुम-चावल, साड़ी, आयरन व कैल्शियम सिरप तथा प्रोटीन पाउडर प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बस्ती की बहनों द्वारा मंगलगीत भी गाए गए, जिससे वातावरण आनंदमय हो गया  सेवा भारती का मुख्य उद्देश्य जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ रहें, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिले तथा कोई भी मातृशक्ति शासन की स्वास्थ्य योजनाओं से वंचित न रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुभाष मंडल अध्यक्ष ताराचंद जैन, डॉ. आरती तिवारी, श्रीमती लीला नाहटा, श्रीमती सुमन, लक्ष्मी शर्मा, कविता राय, श्रीमती नागफासे, रानी यादव एवं पूर्णकालिक कार्यकर्ता दिनेश बिल्लोरे का सहयोग सराहनीय रहा।