कंपनी का लक्ष्य टियर 2 और टियर 3 शहरों में विस्तार करते हुए वित्तवर्ष 2026 तक 700 एक्सपीरियंस सेंटर तक पहुँचना है।


बैंगलुरू।  भारत में प्रमुख इलेक्ट्रिक स्कूटर निर्माता, एथर एनर्जी लिमिटेड के पास भारत में 500 से अधिक एक्सपीरियंस सेंटर (ईसी) हो गए हैं। एथर ने पिछले कुछ महीनों देश में बहुत तेजी से विस्तार किया है। कंपनी अपना ध्यान मुख्यतः मध्य भारत और उत्तर भारत पर केंद्रित कर रही है। इस विस्तार का उद्देश्य ग्राहकों के बीच कंपनी के इलेक्ट्रिक स्कूटरों, खासकर एथर के पहले फैमिली स्कूटर, रिज़्टा की बढ़ती मांग को पूरा करना है।
इस उपलब्धि के बारे में श्री रवनीत सिंह फोकेला, चीफ बिज़नेस ऑफिसर, एथर एनर्जी लिमिटेड ने कहा, ‘‘500 एक्सपीरियंस सेंटर तक पहुँचना हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। हम विभिन्न बाजारों में बढ़ती मांग के अनुरूप लगातार अपना विस्तार कर रहे हैं। दक्षिण भारत में हमारी स्थिति सबसे अधिक मजबूत है। यहाँ पर हम लगातार विकास कर रहे हैं। हमारे फैमिली स्कूटर रिज़्टा की सफलता ने हमें मध्य भारत और उत्तर भारत में भी तेजी से विस्तार करने में मदद की है। हमारी वृद्धि केवल मेट्रो शहरों तक सीमित नहीं है। हम टियर 2 और टियर 3 शहरों में भी लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रहे हैं क्योंकि यहाँ पर भी हमें ग्राहकों से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। हमारे इस विस्तार के साथ हमारा ध्यान पूरे भारत में एथर की उपलब्धता बढ़ाने पर केंद्रित है। इसलिए हम वित्तवर्ष 2026 के अंत तक पूरे देश में 700 एक्सपीरियंस सेंटर तक पहुँचने के लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं।’’
पिछले तीन महीनों (जून से अगस्त 2025) में एथर के नेटवर्क में पूरे भारत में 101 नए एक्सपीरियंस सेंटर शामिल हो गए हैं। इनमें से 58 से अधिक सेंटर मध्य और उत्तर भारत में खुले हैं। ये सेंटर उत्तर प्रदेश में आगरा, मध्य प्रदेश में मंदसौर और जबलपुर, ओडिशा में सुंदरगढ़, गुजरात में वडोदरा और छत्तीसगढ़ में बिलासपुर आदि शहरों में हैं। दक्षिण भारत में एथर मार्केट लीडर है। यहाँ पर कंपनी के पास एक मजबूत रिटेल नेटवर्क है, जो लगातार विस्तार कर रहा है। इसके अलावा, कंपनी कालीकट, इंदौर, नासिक, कोयम्बटूर, गुंटूर, हलद्वानी, सतारा, कोटा, कांगड़ा और आईज़ोल जैसे टियर 2 एवं टियर 3 शहरों में भी लगातार अपनी पहुँच मजबूत कर रही है, ताकि एथर के इलेक्ट्रिक स्कूटर ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुँच सकें। विभिन्न शहरों में कंपनी द्वारा अलग-अलग टियर के अनुकूल विभिन्न रिटेल फॉर्मेट्स स्थापित किए गए हैं। अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार करने के लिए एथर द्वारा अपना सर्विस नेटवर्क भी मजबूत किया जा रहा है, जिसमें एथर गोल्ड सर्विस सेंटर शामिल हैं। 
पिछले कुछ सालों में एथर का रिटेल नेटवर्क महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरला और तमिल नाडु जैसे राज्यों में काफी बढ़ा है। इनमें से हर राज्य में एथर के 50 से अधिक एक्सपीरियंस सेंटर हैं। शहरों के लिहाज से बैंगलुरू में सबसे अधिक 18 एक्सपीरियंस सेंटर हैं। पुणे और हैदराबाद में से प्रत्येक शहर में 13 एक्सपीरियंस सेंटर, दिल्ली में 9, मुंबई में 8 और चेन्नई में 8 सेंटर हैं। इस रिटेल विस्तार में ग्राहकों के बीच काफी मजबूत मांग और बढ़ते बाजार अंश की महत्वपूर्ण भूमिका है। देश में एथर का बाजार अंश वित्तवर्ष 2025 की पहली तिमाही में 7.6 प्रतिशत से बढ़कर वित्तवर्ष 2026 की पहली तिमाही में 14.3 प्रतिशत तक पहुँच गया है। मध्य भारत में एथर की हिस्सेदारी साल-दर-साल 2.6 गुना की वृद्धि के साथ 10.7 प्रतिशत तक पहुँच गई है। इसमें कंपनी के तेज रिटेल विस्तार से काफी मदद मिली है। दक्षिण भारत में एथर का नेतृत्व बरकरार है। वित्तवर्ष 2025 की पहली तिमाही में दक्षिण भारत में एथर के पास बाजार की 22.8 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
वर्तमान में एथर के उत्पाद पोर्टफोलियो में 450 सीरीज़ शामिल है, जो परफॉर्मेंस के लिए बनाई गई है। एथर का पहला फैमिली स्कूटर, रिज़्टा सुरक्षा, कम्फर्ट और सुविधा के लिए बनाया गया है। एथर कम्युनिटी डे के अवसर पर एथर ने अपना ऑल-न्यू EL प्लेटफॉर्म पेश किया था। एथर के अगली जनरेशन के स्कूटर इसी प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगे। इसके अलावा, वॉईस इनेबल्ड इंटरैक्शन के साथ एथरस्टैक 7.0 और पॉटहोल एवं क्रैश अलर्ट जैसे सुरक्षा फीचर्स भी पेश किए गए। कंपनी ने 2025 एथर 450 एपेक्स के लिए इन्फाईनाईट क्रूज़ भी लॉन्च किया तथा रिज़्टा जैड के लिए टचस्क्रीन फंक्शनैलिटी के साथ बड़े अपग्रेड की घोषणा भी की।