रिलायंस इंडस्ट्रीज का वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही : रिकॉर्ड एबिटडा के साथ 24.5 फीसदी बढ़ा राजस्व
एवीएस न्यूज.मुंबई
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के शानदार वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। कंपनी ने चुनौतीपूर्ण वैश्विक आर्थिक माहौल और ऊर्जा बाजार में बड़े उतार-चढ़ाव के बावजूद मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का समेकित राजस्व सालाना आधार पर 24.5 प्रतिशत बढ़कर 3,40,257 करोड़ रुपए पहुंच गया। वहीं तिमाही का रिकॉर्ड रिकरिंग कंसोलिडेटेड एबिटडा 54,067 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल की तुलना में 10.1 प्रतिशत अधिक है। एबिटडा में बढ़ोतरी का प्रमुख योगदान ऑयल-टू-केमिकल और डिजिटल सर्विसेज कारोबार से मिला।
कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स 8.5 प्रतिशत बढ़कर 30,630 करोड़ रुपए रहा। वहीं रिकरिंग शुद्ध लाभ (माइनॉरिटी से पहले) अब तक का सबसे अधिक 23,196 करोड़ रुपए दर्ज किया गया, जो सालाना आधार पर 6.1 प्रतिशत की वृद्धि है। कंपनी ने बताया कि 5जी एसेट्स के कैपिटलाइजेशन से बढ़ी वित्त लागत और डेप्रिसिएशन का असर मुनाफे पर पड़ा। रिलायंस का तिमाही कैपेक्स 38,682 करोड़ रुपए रहा। कंपनी का कैश प्रॉफिट 41,254 करोड़ रुपए रहा, जिससे निवेश जरूरतें पूरी की गईं। 30 जून 2026 तक कंपनी का नेट डेट लगभग स्थिर रहकर 1,22,914 करोड़रुपए रहा।
जियो का मजबूत प्रदर्शन, 53.3 करोड़ से ज्यादा ग्राहक
रिलायंस के डिजिटल सर्विस बिजनेस में Jio ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। जियो का एबिटडा सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 20,865 करोड़ रुपए हो गया। जियो प्लेटफॉर्म का राजस्व 45,961 करोड़ रुपए रहा, जिसमें 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जून 2026 तक Jio का कुल ग्राहक आधार बढ़कर 53.33 करोड़ पहुंच गया है, जिसमें करीब 28.5 करोड़ 5G ग्राहक शामिल हैं। कंपनी ने पिछले 12 महीनों में 7.3 करोड़ से अधिक 5जी ग्राहक और करीब 86 लाख फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहक जोड़े। जियो का कुल फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहक आधार 2.86 करोड़ रहा, जबकि जियोएयर फाइबर के ग्राहकों की संख्या 1.4 करोड़ से अधिक हो गई। डेटा खपत में भी तेजी जारी रही और तिमाही में कुल डेटा ट्रैफिक 69 एक्साबाइट दर्ज किया गया। जियो का औसत राजस्व प्रति ग्राहक बढ़कर 215.6 हो गया, जो सालाना आधार पर 3.3 प्रतिशत की वृद्धि है।
जियोस्टार और डिजिटल एंटरटेनमेंट कारोबार में तेजी
जियोस्टार का एबिटडा 3.1 प्रतिशत बढ़कर 1,049 करोड़ रहा। जियो हॉटस्टार ने तिमाही के दौरान औसतन 53 करोड़ मासिक सक्रिय यूजर्स दर्ज किए, जो अब तक का सबसे अधिक स्तर है। आईपीएल 2026 ने डिजिटल और टीवी प्लेटफॉर्म को मिलाकर 1.2 अरब दर्शकों तक पहुंच बनाई और इसे सबसे बड़ा टी20 आयोजन बताया गया।
रिलायंस रिटेल का राजस्व 90,408 करोड़
रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड का राजस्व सालाना आधार पर 7.4 प्रतिशत बढ़कर 90,408 करोड़ रुपए रहा। आरसीपीएल डिमर्जर के प्रभाव को हटाने पर ग्रॉस रेवेन्यू ग्रोथ 11.6 प्रतिशत रही। रिटेल कारोबार का ग्राहक आधार 10.6 प्रतिशत बढ़कर 39.6 करोड़ हो गया। तिमाही में कुल 56.8 करोड़ ट्रांजेक्शन दर्ज किए गए, जो पिछले साल की तुलना में 46 प्रतिशत अधिक हैं। कंपनी ने तिमाही में 252 नए स्टोर खोले।
अब रिलायंस रिटेल का कुल स्टोर नेटवर्क बढ़कर 20,169 स्टोर हो गया है, जिसका कुल संचालन क्षेत्र 78.4 मिलियन वर्गफीट है। ग्रोसरी, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और फैशन-लाइफस्टाइल कारोबार में दोहरे अंक की वृद्धि दर्ज की गई। डिजिटल कॉमर्स में भी तेजी रही और ग्रोसरी डिजिटल ऑर्डर में सालाना 116 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।






