मध्यप्रदेश की पहली ‘ग्रीन हाई-टेक कंप्यूटर लैब का शुभारंभ
भोपाल। तकनीक, शिक्षा और पर्यावरण के समन्वय का एक शानदार उदाहरण पेश करते हुए भारतीय स्टेट बैंक और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी), भोपाल ने एक अद्वितीय पहल करते हुए मध्यप्रदेश की पहली ‘ग्रीन हाई-टेक कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक रिसर्च सेंटर का उद्घाटन एसबीआई भोपाल सर्कल के प्रमुख एवं उप प्रबंध निदेशक डीएमडी चंद्रशेखर शर्मा और संस्थान के निदेशक डॉ. आशुतोष सिंह ले किया।
इस मौके पर शर्मा ने इसे भविष्य की प्रयोगशाला बताते हुए कहा कि एआई और ग्रीन टेक्नोलॉजी का यह संगम न केवल तकनीक का विकास करेगा, बल्कि यह समाज के लिए एक दीर्घकालिक निवेश भी है।
इस अवसर पर कुंदन ज्योति, महाप्रबंधक-1, सुधांशु दास, उप महाप्रबंधक, साईं कृष्णा श्रीधरा, उप महाप्रबंधक भोपाल मॉड्यूल एवं बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और आईआईआईटी के प्रोफेसर उपस्थित रहेl
ग्रीन हाई-टेक कंप्यूटर लैब : तकनीक और प्रकृति का अभिनव समन्वय
यह लैब न केवल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और एडवांस रिसर्च के लिए अत्याधुनिक उपकरणों से युक्त है, बल्कि इसे ग्रीन लैब के रूप में डिज़ाइन किया गया है। ऊर्जा कुशल कंप्यूटर सिस्टम और हरित विद्युत तंत्र,इको-फ्रेंडली डिजाइन एवं न्यूनतम कार्बन फुटप्रिंट,डिजिटल ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर यह लैब छात्रों को न केवल अग्रणी टेक्नोलॉजी सिखाएगी, बल्कि उन्हें पर्यावरणीय चेतना, सस्टेनेबिलिटी और नवाचार की जिम्मेदारी के साथ जोड़ने का कार्य भी करेगी।

