एमपी में 54 डैम लबालब, बड़ा तालाब भी अब ओवरफ्लो की स्थिति में
भोपाल। मध्यप्रदेश में तेज बारिश से अब हालात गंभीर हो गए हैं। नदी-नालों के उफान पर आने के बाद अब कई जिलों में बाढ़ जैसे हालत बन गए है। प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। पिछले एक महीने से मध्यप्रदेश में हो रही लगातार बारिश के बाद प्रदेश के 54 बड़े डैम पानी लबालब हो चुके हैं। जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जोहिला, बरगी, बाणसागर और सतपुड़ा जैसे प्रमुख बांधों में तय सीमा से कहीं ज्यादा पानी भर गया है, जिससे कुछ डैमों के गेट खोलने पड़े। मौसम विभाग ने आज भोपाल सहित मध्यप्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
- आफत की बारिश, उफान पर नदी-नाले
प्रदेश में हो रही लगातार बारिश से कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। प्रदेश के कई बांध ओवरफ्लो हो चुके हैं, बारिश अब लोगों के लिए आफत बन गई है। बारिश और जलभराव के कारण कई गांवों को मुख्य मार्गों से काट दिया है। सडक़ संपर्क पूरी तरह टूटने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।
- इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए मध्यप्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में साढ़े चार इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल और इंदौर में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।
- बड़े तालाब में जैसे ही 6.5 फीट पानी और आता है, खुल जाते हैं भदभदा डैम के गेट
लगातार हो रही बारिश से राज्य के 54 बड़े बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बाणसागर, बरना, गांधीसागर, गोपीकृष्ण, इंद्रा सागर, केरवा, ओंकारेश्वर, तवा, बरगी, पेंच और सतपुड़ा सहित प्रमुख जलाशयों में सामान्य से अधिक पानी भर चुका है। राजधानी भोपाल का बड़ा तालाब भी अब ओवरफ्लो की स्थिति में पहुंचने वाला है। जैसे ही इसमें 6.5 फीट पानी और आता है, भदभदा डैम के गेट खोले जाएंगे। इससे निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया जा सकता है।
- शहडोल और बैतूल में डैम के गेट खुले
मध्यप्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब नदियों और डैमों पर साफ नजर आने लगा है। अलीराजपुर के आमखुट इलाके में उर नदी का जलस्तर अचानक बढऩे से पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया। शहडोल स्थित बाणसागर डैम के 8 गेट खोलने पड़े, वहीं बैतूल के सारणी क्षेत्र में सतपुड़ा डैम के 5 गेट दो फीट तक खोल दिए गए।
- उफान पर नर्मदा नदी, घाट, पुल, मंदिर जलमग्न
डिंडौरी और मंडला जिलों में नर्मदा नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया कि कई पुल जलमग्न हो गए। मंडला शहर में तीन फीट तक पानी भर गया। इन हालातों के चलते मंडला की कॉलोनियों में भी पानी भर गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। डिंडौरी में घाटों पर बने मंदिर पानी में डूब गए और लोग जान जोखिम में डालकर उफनती नर्मदा पार करते नजर आए। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
- अगले दो दिन मूसलाधार बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्यप्रदेश के उत्तरी हिस्सों में अगले 48 घंटे में भारी बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार राज्य से एक सक्रिय मानसून ट्रफ गुजर रही है, जिससे ग्वालियर-चंबल अंचल समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इस मानसूनी सीजन में प्रदेश में अब तक औसतन 18.5 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि सामान्यत: इस समय तक केवल 11 इंच पानी गिरता है। यानी इस बार साढ़े 7 इंच अधिक वर्षा हो चुकी है।

