एवी एस न्यूज.भोपाल 
फेडरेशन ऑफ एमपी चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफएमपीसीसीआई) का गोविन्दपुरा इंडस्ट्री एरिया स्थित जीआईए एक्जीबीशन सेंटर में आयोजित फेड एक्सपो 2025 का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। एफएमपीसीसीआई के अध्यक्ष दीपक शर्मा, गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसो.के अध्यक्ष विजय गौर, फेडरेशन के प्रबंध समिति सदस्य योगेश गोयल सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति मौजूद रहे। 


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह देश उड़ान भर रहा है और आगे बढ़ रहा है वह सुखद है। इसी से प्रेरणा लेकर प्रदेश में भी औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश की उद्योग नीति में वक्त की जरूरत के हिसाब से संशोधन कर उसे उद्योग और निवेश हितैषी बनाया गया है। प्रदेश में निवेश को आकर्षित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम चल रहा है और इसके परिणाम भी नजर आने लगा है।
सीएम ने कहा कि आज एक्स पो में आपसे बीच हूं, कल निवेेशकों से चर्चा करने, उन्हें प्रदेश में आने का न्यौता देने के लिए हैदराबाद जा रहा हूं। डा. यादव ने कहा कि इस एक्सपो से प्रदेश की औद्योगिक इकाइयों को अंतरराष्ट्रीय उद्यमियों से व्यापारिक संबंध स्थापित करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति व्यापार और व्यवसाय से आती है। नवाचारों को भी प्रोत्साहन देते हुए हम आगे बढ़ेंगे। हमने उद्योगों को पांच हजार एकड़ जमीन बांटी है। चाहे सुविधा की बात हो, सब्सिडी की बात हो, सरकार हर स्तर पर सुविधाएं देने का प्रयास कर रही है। 
 

तीन दिवसीय फेड एक्सपो 2025 में 100 से अधिक औद्योगिक इकाईयों के उत्पादों का प्रदर्शन 
 आयोजित फेड एक्सपो 2025 में 100 से अधिक एमएसएमई अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे है। फेडरेशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य उद्योगों, सरकारी उपक्रमों एवं एमएसएमई इकाइयों के मध्य आपसी संवाद, व्यवसायिक सहयोग और नये व्यापारिक अवसरों का सृजन करना है। कार्यक्रम में  बीएसचईएल, भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड, रेलवे, रक्षा प्रतिष्ठान, एचईजी, रेलवे, बीना रिफायनरी एवं अन्य बड़ी इकाईयां, राज्य शासन के विभागों तथा विभिन्न क्षेत्रीय औद्योगिक इकाइयों की सक्रिय भागीदारी है। 
 
रूस, ओमान, ताईवान आदि के  प्रतिनिधिमंडल एवं वाणिज्य दूतावास प्रतिनिधि शामिल
 एक्सपो में रूस से 10, ओमान से 4, ताईवान से 1 एवं अन्य कई देशों के उद्योग प्रतिनिधि शामिल है। इनके आने से प्रदेश की औद्योगिक इकाईयों को अंतर्राष्ट्रीय उद्यमियों से व्यापारिक संबंध स्थापित करने का अवसर प्राप्त होगा। इस एक्सपो से भारत एवं विभिन्न देशों के मध्य औद्योगिक संबंध मजबूत होगें एवं बाईलेटरल ट्रेड को बढ़ावा मिलेगा।
 
मेक इन इंडिया तथा तकनीकी नवाचारों पर सेमीनार  
 फेडरेशन के प्रबंध समिति सदस्य योगेश गोयल के अनुसार फेड एक्सपो में एमएसएमई क्षेत्र के उद्यमियों को अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों से वेंडर बनने के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही एक्सपो के दौरान विशेष सत्रों में सरकारी क्रय नीतियों, मेक इन इंडिया पहल तथा तकनीकी नवाचारों पर चर्चा की जाएगी। वेंडर डेवलपमेंट एवं बायर सेलर मीट के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र एवं निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियाँ अपने प्रोक्योरमेंट प्लान, वेंडर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और सप्लाई चेन अवसरों को साझा करेंगी। इस दौरान आयोजित वर्कशाप एवं सेमिनार में नवाचार, तकनीकी उन्नयन, एमएसएमई वित्त, निर्यात प्रोत्साहन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।